केजरीवाल ने मोदी से इस्तीफा मांगा (लीड-1)

नई दिल्ली, 22 दिसम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफा देने की मांग कर डाली।

केजरीवाल ने अपने कार्यालय पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को छापेमारी का आदेश देने के मुद्दे पर यह इस्तीफा मांगा।

प्रधानमंत्री के खिलाफ तीखा हमला करते हुए केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा में कहा कि सीबीआई ने उनके कार्यालय पर दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) में हुए भ्रष्टाचार के मामले से जुड़ी फाइल की छानबीन करने के लिए छापेमारी की थी।

उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने मुख्यमंत्री कार्यालय पर छापेमारी से इनकार किया है।

केजरीवाल ने कहा, “मैं केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली को बचाने के उद्देश्य से सीबीआई को फर्जी छापेमारी का आदेश देने के लिए प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग करता हूं।”

केजरीवाल की इस मांग का आम आदमी पार्टी (आप) के सांसदों ने मेज थपथपाकर स्वागत किया।

केजरीवाल ने मोदी से मांग की कि वह डीडीसीए के 13 वर्षो तक अध्यक्ष रहे जेटली को भी हटाएं। जेटली पर डीडीसीए में बड़े पैमाने पर हुए भ्रष्टाचार का आरोप लग रहा है, हालांकि जेटली ने पूरे मामले में खुद को निर्दोष बताया है।

केजरीवाल ने कहा कि यदि जेटली निर्दोष हैं तो वह इसे दिल्ली सरकार द्वारा गठित जांच आयोग के समक्ष साबित करें।

केजरीवाल ने अपने कार्यालय पर हुई सीबीआई छापेमारी पर कहा, “उन्हें इस पर शर्म आनी चाहिए।”

केजरीवाल ने मोदी पर दिल्ली सरकार के कामकाज को लगातार बाधित करने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, “सीबीआई का कहना है कि मुख्यमंत्री कार्यालय पर छापा नहीं मारा गया..केवल मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव (राजेंद्र कुमार) के कार्यालय पर छापेमारी की गई। अगर यह सही भी है तो वह मेरे कार्यालय में क्यों घुसे?”

केजरीवाल ने कहा कि सीबीआई डीडीसीए से संबंधित फाइल खोजने आई थी और उन्होंने आरोप लगाया कि छह दिनों तक 50 घंटे से अधिक पूछताछ के बावजूद सीबीआई इस मामले में राजेंद्र कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी मामला दर्ज नहीं कर पाई है।

उन्होंने कहा, “वे उन्हें (राजेंद्र कुमार) मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।”

केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी के 10 लाख रुपये का सूट पहनने का भी मजाक उड़ाया और कहा कि ‘भला एक चाय वाला इतना महंगा सूट कैसे पहन सकता है’।

उन्होंने उन आरोपों को भी खारिज किया, जिसमें कहा जा रहा है कि आप पार्टी पहले सीबीआई की स्वतंत्रता की तरफदार थी, लेकिन अब अपने उस विचार से पलट चुकी है।

केजरीवाल ने कहा, “आज भी हमारा कहना है कि सीबीआई को स्वतंत्र होना चाहिए। और जिस दिन सीबीआई को स्वतंत्रता मिलेगी, वह राजेंद्र कुमार के खिलाफ छापेमारी नहीं करेगी..वह मोदी को नोटिस भेजकर पूछेगी कि आपने सूट खरीदने के लिए 10 लाख रुपये कहां से पाए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493