नई दिल्ली, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को रूस के दो दिवसीय दौरे पर रवाना हो गए। उन्होंने कहा कि वह इस दौरे को लेकर बहुत आशान्वित हैं।
अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान मोदी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ 16वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में शिरकत करेंगे।
मोदी ने दौरे पर रवाना होने से पूर्व एक बयान में कहा, “मैं आज अपने रूस दौरे का आगाज करूंगा। यह सरकार बनाने के बाद मेरी पहली द्विपक्षीय यात्रा है। मैं इस दौरे के नतीजों को लेकर बहुत आशान्वित हूं।”
उन्होंने कहा, “इतिहास पिछले दो दशकों से अधिक समय से भारत-रूस संबंधों की निकटता का साक्षी है। रूस दुनिया में भारत के सबसे मूल्यवान दोस्तों में से एक रहा है।”
उन्होंने उस समय को याद किया, जब 2001 में वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे और प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ रूस दौरे पर गए थे।
मोदी ने कहा, “ऐसा शायद भारत-रूस के वार्षिक शिखर सम्मेलनों में से एक की वजह से है। यह सिलसिला आज भी जारी है।”
उन्होंने कहा, “मेरा दौरा भारत-रूस के बीच आर्थिक, ऊर्जा व सुरक्षा क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करेगा। हम विज्ञान, प्रौद्योगिकी, उत्खनन व अन्य क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाना चाहते हैं।”
मोदी ने यह भी कहा कि रूस के राष्ट्रपति पुतिन के साथ व्यापक विचार-विमर्श होगा।
उन्होंने कहा, “रूस के कारोबारियों को भारत में निवेश करने के लिए आमंत्रित करने के लिए बातचीत होगी। मैं ‘फ्रेंड्स ऑफ इंडिया’ कार्यक्रम में भी शिरकत करूंगा। मुझे भरोसा है कि यह दौरा पहले से मजबूत हमारे देशों के मजबूत संबंधों को और आगे बढ़ाएगा।”
dharmpath.com dharmpath