कीर्ति आजाद आज के ‘हीरो’ : शत्रुघ्न

पटना, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बुधवार को पार्टी नेता और सांसद कीर्ति आजाद को आज का हीरो बताते हुए दिल्ली जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) घोटाले को लेकर केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली पर तंज कसे।

सिन्हा ने ट्वीट कर कहा, “आजाद आज के हीरो हैं। आज वह भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहे हैं। बहुत दुख होता है यह कहते हुए कि जिस पार्टी की अपनी अलग पहचान थी, आज वह मतभेदों की पार्टी हो गई है।”

पटना साहिब के सांसद सिन्हा ने ट्वीट में लिखा, “वित्तमंत्री होते हुए इस मुद्दे से राजनीतिक रूप से लड़ा जाना चाहिए न कि कानूनी रूप से। जैसा कि हमारे प्रधानमंत्री जी ने भी कहा है कि वित्तमंत्री को आडवाणी जी का अनुसरण करना चाहिए।”

उन्होंने ट्वीट में लिखा है कि “न्यूटन के तीसरे नियम की तरह हर क्रिया की प्रतिक्रिया होती है, लेकिन अगर टाइमिंग गलत हो तो उल्टा पड़ जाता है। भाजपा अपने को दूसरों से अलग बताती थी, लेकिन आज पार्टी के अंदर विरोध के स्वर हैं।”

उल्लेखनीय है कि डीडीसीए में कथित घोटाले को लेकर कीर्ति आजाद और केन्द्रीय मंत्री अरुण जेटली आमने-सामने आ गए हैं। रविवार को प्रेस वार्ता में आजाद ने दावा किया था कि जेटली के अध्यक्ष रहते ही इस क्रिकेट संस्था में वित्तीय गड़बडियां हुई थीं।

गौरतलब है कि क्रिकेट खिलाड़ी रहे कीर्ति आजाद बिहार के दरभंगा संसदीय क्षेत्र से सांसद हैं।

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने अनुशासनहीनता को लेकर भाजपा सांसद कीर्ति आजाद समेत पार्टी के कई सांसदों पर कारवाई करने की मांग की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493