जम्मू एवं कश्मीर में पारा और लुढ़का

श्रीनगर, 24 दिसम्बर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर राज्य इस वक्त जबर्दस्त ठंड का सामना कर रहा है। पूरे राज्य में गुरुवार को न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।

यहां एक स्थानीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “राज्य में सभी क्षेत्रों में शुष्क मौसम के चलते न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।”

श्रीनगर में पारा हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे पहुंच गया है और बुधवार रात्रि तापमान शून्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

अधिकारी ने कहा कि श्रीनगर में अधिकतम तापमान करीब 4.1 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने के आसार हैं।

पर्यटक स्थल गुलमर्ग और पहलगाम में भी न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से नीचे पहुंच गया है।

पहलगाम में गुरुवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि बुधवार को यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।

कश्मीर इस वक्त कड़ाके की सर्दी वाली 40 दिनों की अवधि ‘चिल्लई कलां’ का सामना कर रहा है, जो सोमवार को शुरू हुई।

लद्दाख क्षेत्र के लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 12.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

जम्मू शहर में बुधवार के 5.6 डिग्री की तुलना में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू शहर में दिन का अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने के आसार हैं।

जम्मू प्रांत के अन्य इलाकों जैसे कटरा कस्बे में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री व बनिहाल में 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बटोत में शून्य से 0.7 डिग्री, उधमपुर में शून्य से 0.6 डिग्री और भदरवाह कस्बे में शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493