भ्रष्टाचार पर कार्रवाई क्यों नहीं करते प्रधानमंत्री : राहुल

लखनऊ/अमेठी, 24 दिसम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। साथ ही दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) में कथित भ्रष्टाचार को लेकर लगातार मुखर और केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली को घेरे में लाने वाले बिहार के दरभंगा से लोकसभा सांसद कीर्ति आजाद के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निलंबन पर भी प्रधानमंत्री से सवाल किए।

अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दौरे के दौरान राहुल ने गुरुवार को कहा कि भाजपा के ही सांसद ने एक मंत्री पर भ्रष्टचार के आरोप लगाए हैं, लिहाजा अब मोदी को अपने मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

अपने अमेठी दौरे के दूसरे दिन मीडिया से मुखातिब राहुल ने कहा, “लोकसभा चुनाव के दौरान मोदी ने लोगों से वादा किया था कि ‘न खाऊंगा और न खाने दूंगा’। भ्रष्टाचार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय भाजपा ने अपने ही सांसद को क्यों निलंबित कर दिया? मोदी को इसका जवाब देना चाहिए।”

भाजपा कीर्ति को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में बुधवार को पार्टी से निलंबित कर दिया था।

डीडीसीए में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाकर कीर्ति द्वारा जेटली को घेरे में लाए जाने के बारे में पूछे जाने पर राहुल ने कहा, “उनके (भाजपा) ही सांसद ने यह आरोप लगाया। इसमें अब केंद्र सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए। प्रधानमंत्री लगातार जनता से वादाखिलाफी कर रहे हैं। पीएम मोदी भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं?”

राहुल गुरुवार शाम तक दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493