श्रीनगर, 25 दिसम्बर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में ठंड से राहत के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। राज्य के तापमान में शुक्रवार को भी गिरावट दर्ज किए गए।
लद्दाख क्षेत्र का लेह कस्बा शुक्रवार को सबसे ठंडा कस्ब दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 16.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार को यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 12.9 डिग्री सेल्सियस नीचे था।
लद्दाख क्षेत्र के ही कारगिल कस्बे में न्यूनतम तापमान शून्य से 15 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
लगातार शुष्क मौसम रहने के कारण कश्मीर में ठंड में बढ़ावा हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान में हिमांक बिंदु से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को यहां बताया, “जम्मू एवं कश्मीर में शुक्रवार को मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन अगले दो दिनों तक बारिश होने के आसार हैं।”
अधिकारी ने कहा कि श्रीनगर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया, जबकि अधिकतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 10.2 डिग्री सेल्सियस नीचे, जबकि पहलगाम में आठ डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे काजीगुंड कस्बे में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
जम्मू शहर में गुरुवार रात का न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार दिन का अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू क्षेत्र के कटरा में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री, बनिहाल में 2.7 डिग्री, बटोत में 0.6 डिग्री, उधमपुर में 0.5 डिग्री और भदरवाह में 2.1 डिग्री और कठुआ में 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath