मुंबई, 25 दिसंबर (आईएएनएस)। हिंदी सिनेजगत की जानी-मानी अदाकारा साधना का यहां शुक्रवार को निधन हो गया। उनके एक पारिवारिक मित्र ने बताया कि वह काफी समय से कैंसर से जूझ रही थीं।
साधना (74) के परिवार में एक गोद ली हुई बेटी है।
उनकी पारिवारिक मित्र और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश प्रवक्ता शाइना एन.सी. ने आईएएनएस को बताया, “साधना (शिवदासानी) ने शुक्रवार सुबह अपने घर में आखिरी सांस ली।”
उल्लेखनीय है कि 1960 और 1970 के दशक की अग्रणी अभिनेत्री साधना का जन्म कराची में हुआ। इसके बाद उनका परिवार भारत में आकर मुंबई में बस गया। देश के विभाजन के समय वह केवल सात साल की थीं।
साधना ने 1955 में राज कपूर की फिल्म ‘श्री 420’ में बाल कलाकार के रूप में हिंदी फिल्मों में प्रवेश किया था। इसके बाद 1958 में उन्होंने भारत की पहली सिंधी भाषा की फिल्म ‘अबाना’ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
साधना को उनकी अदाकारी और अलग हेयरस्टाइल के अलावा ‘एक मुसाफिर एक हसीना’, ‘असली-नकली’, ‘मेरे महबूब’, ‘वक्त’, ‘वो कौन थी’, ‘मेरा साया’ जैसी सफल फिल्मों के लिए जाना जाता है।
dharmpath.com dharmpath