दरभंगा, 25 दिसंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद कीर्ति आजाद को पार्टी से निलंबित किए जाने के विरोध में उनके संसदीय क्षेत्र दरभंगा में शुक्रवार को उनके समर्थकों ने प्रदर्शन किया और रेल परिचालन बाधित किया। इस दौरान वित्त मंत्री अरुण जेटली, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और सुशील मोदी का पुतला फूंका।
बिहार के दरभंगा लोकसभा क्षेत्र से सांसद कीर्ति आजाद पर भाजपा ने पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाकर बुधवार को पार्टी से निलंबित कर दिया था।
पुलिस के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता सुबह दरभंगा रेलवे स्टेशन के समीप रेल पटरी पर बैठ गए तथा दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस तथा जयनगर-आनंदविहार गरीबरथ एक्सप्रेस का परिचालन बाधित किया। हालांकि कुछ ही समय के बाद पुलिस के पहुंचने और समझाने के बाद कार्यकर्ता रेल पटरी से हट गए।
इसके बाद आजाद के निलंबन के विरोध में भाजपा के दरभंगा जिला उपाध्यक्ष वैद्यनाथ यादव व जिला महामंत्री अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता म्यूजियम गुमटी पहुंचे और प्रदर्शन किया। इसके बाद शाह, जेटली और सुशील मोदी का पुतला फूंका।
भाजपा के नेता मिथिलेश चौधरी ने बताया कि अगर केन्द्रीय नेतृत्व आजाद का निलंबन वापस नहीं लेती है तो दरभंगा भाजपा के सभी पदाधिकारी सामूहिक इस्तीफा दे देंगे।
गौरतलब है कि गुरुवार को भी दरभंगा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आजाद के निलंबन के खिलाफ प्रदर्शन किया था।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) में कथित भ्रष्टाचार को लेकर कीर्ति आजाद और केन्द्रीय मंत्री अरुण जेटली आमने-सामने आ गए हैं। रविवार को प्रेस वार्ता में आजाद ने दावा किया था कि जेटली के अध्यक्ष रहते ही इस क्रिकेट संस्था में वित्तीय गड़बड़ियां हुई थीं।
dharmpath.com dharmpath