लड़की ने सेना के जवानों पर लगाया सामूहिक दुष्कर्म का आरोप

रांची, 28 दिसम्बर (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी में एक लड़की ने अपने साथ सामूहिक दुष्कर्म की पुलिस में एक शिकायत दर्ज की है। लड़की के मुताबिक, सोमवार को एक चलती ट्रेन में उसके साथ सेना के तीन जवानों ने सामूहिक दुष्कर्म किया।

पुलिस ने कहा कि उसने एक जवान को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लड़की हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा कर रही थी। हावड़ा में वह ट्रेन में सेना की बोगी में चढ़ गई। वह अपनी एक मित्र से मिलने लुधियाना जा रही थी।

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, लड़की ने कहा कि उसे शराब पीने की पेशकश की गई और तीन जवानों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

पीड़िता सोमवार को झारखंड के देवघर जिले के मधुपुर स्टेशन पर उतर गई और रेलवे पुलिस में इसकी शिकायत की, जिसके बाद एक जवान को पकड़ लिया गया।

इस घटना के बारे में हालांकि सेना की ओर से कोई टिप्पणी नहीं आई है।

पुलिस ने कहा कि दुष्कर्म की पुष्टि के लिए लड़की की चिकित्सकीय जांच कराई जाएगी।

उल्लेखनीय है कि रांची में 20 दिसंबर को दो लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। इस मामले में सोमवार को चार युवकों को गिरफ्तार किया गया।

झारखंड में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इस साल अगस्त तक अपहरण के 996, जबकि दुष्कर्म के 1,261 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जो साल 2014 में इस अवधि के दौरान क्रमश: 792 व 905 थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493