कोलकाता, 29 दिसंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की एक नाबालिग लड़की से हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस ट्रेन में सेना के दो जवानों द्वारा दुष्कर्म के आरोपों पर सेना ने पुलिस को पूरी सहायता के प्रति आश्वस्त करते हुए मंगलवार को एक जांच की शुरुआत की।
पीड़िता हावड़ा से ट्रेन पकड़कर लुधियाना जा रही थी, जिसे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) व जीआरपी कर्मियों ने झारखंड के मधुपुर स्टेशन पर सोमवार को बचाया था।
बाद में एक वीडियो फुटेज में उसने वारदात को अंजाम देने वालों की पहचान की।
पीड़िता के पिता ने जीआरपी को जानकारी दी थी कि वह घर छोड़कर भाग गई है और एक ट्रेन में सवार हो गई है, जिसके बाद उसे बचाया गया।
पुलिस के मुताबिक, सेना के जवानों ने उसे जबरन शराब पिलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
दो जवान फरार हो गए, जबकि जबरन शराब पिलाने वाले जवान को जीआरपी ने पकड़ लिया।
सेना के एक सूत्र ने कहा, “हमने हावड़ा जीआरपी को पूरी मदद का आश्वासन दिया है, जो मामले की जांच कर रही है। हमने भी मामले की एक जांच शुरू की है।” उन्होंने कहा कि फरार दोनों जवानों की पहचान करने व उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की मदद की जा रही है।
जांच को अपने हाथ में लेते हुए हावड़ा जीआरपी ने गिरफ्तार जवान मंजरीश त्रिपाठी के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म व यौन अपराध अधिनियम से बच्चों का संरक्षण सहित कई अपराधों के तहत मामला दर्ज किया।
dharmpath.com dharmpath