असम : कांग्रेस दफ्तर पर हमले में 9 भाजपा सदस्य गिरफ्तार

गुवाहाटी, 29 दिसम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस के राज्य मुख्यालय पर मंगलवार को हुए हमले के मामले में पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो वरिष्ठ नेता भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय पर कांग्रेस और भाजपा सदस्यों के बीच हुए संघर्ष की जांच का मंगलवार को आदेश दिया। इस घटना में कई लोग घायल हुए थे।

गोगोई ने कहा कि अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर का अधिकारी मामले की जांच कर 15 दिनों में अपनी रपट देगा। गोगोई ने कहा कि कांग्रेस मुख्यालय ‘राजीव भवन’ पर ‘भाजपा का हमला पूर्व नियोजित’ था।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा राज्य में गुंडाराज लाना चाहती है।

गोगोई ने कहा, “राजीव भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला न केवल निंदनीय है, बल्कि देश में अपने तरह का अकेला मामला है। वे (भाजपा) राज्य में गुंडाराज लाना चाह रहे हैं। इस घटना से पता चलता है कि वे अगले साल होने वाले चुनाव से पहले राज्य में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराना चाह रहे हैं।”

गोगोई ने कहा, “अभी असम में कांग्रेस सरकार है और वे (भाजपा) गुंडाराज लाने में लगे हुए हैं। कोई अनुमान ही लगा सकता है कि अगर ये सत्ता में आ गए तो क्या होगा।”

उन्होंने पूर्व कांग्रेस मंत्री और अब भाजपा नेता हिमांता बिस्व सरमा का नाम लिए बिना कहा कि ऐसी रपट है कि वह (सरमा) घटना में शामिल हो सकते हैं।

गोगोई ने कहा, “मामले में शामिल दो भाजपा नेताओं का आपराधिक रिकार्ड है। मैं अभी उनका नाम नहीं लेना चाहता, लेकिन जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।”

कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री निलामोनि सेन डेका ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। भाजपा कार्यकर्ता सोमवार को इसी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। उनका कहना है कि उनका प्रदर्शन शांतिपूर्ण था। कांग्रेस सदस्यों ने उन पर पथराव किया था और लाठियों से पीटा था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493