सेना का दुष्कर्मी जवान पुलिस हिरासत में भेजा गया (लीड-2)

कोलकाता, 29 दिसंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की एक अदालत ने चलती रेलगाड़ी में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने के आरोपी सेना के जवान को मंगलवार को सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। वहीं मामले में सेना ने कथित अपराध के लिए दो और जवानों को पकड़ने में पुलिस को पूरी सहायता के प्रति आश्वस्त किया है।

बंगाल के 24 परगना जिले के दमदम इलाके की निवासी 14 वर्षीय लड़की को हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस रेलगाड़ी में सेना के लिए आरक्षित बोगी में सेना के दो जवानों ने कथित तौर पर जबरन शराब पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

पीड़िता अपने परिजनों को बिना बताए हावड़ा से रेलगाड़ी पकड़कर अपने एक फेसबुक मित्र से मिलने लुधियाना जा रही थी, जिसे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) व जीआरपी कर्मियों ने झारखंड के मधुपुर स्टेशन पर सोमवार को बचाया।

दो जवान फरार हो गए, जबकि कथित तौर पर जबरन शराब पिलाने वाले जवान को जीआरपी ने पकड़ लिया और उसे हावड़ा जीआरपी के हवाले कर दिया।

जांच को अपने हाथ में लेते हुए हावड़ा जीआरपी ने गिरफ्तार जवान मंजरीश त्रिपाठी के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म व यौन अपराध अधिनियम से बच्चों का संरक्षण सहित कई अपराधों के तहत मामला दर्ज किया।

बाद में एक वीडियो फुटेज में पीड़िता ने वारदात को अंजाम देने वालों की पहचान की।

पकड़े गए जवान को दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया।

जीआरपी के एक अधिकारी ने कहा, “हमने आरोपी की सात दिनों की हिरासत मांगी थी, जिसे अदालत ने मंजूर कर ली। आरोपियों की पहचान व उनका पता लगाने के लिए हम रेलगाड़ी के वीडियो फुटेज की तहकीकात कर रहे हैं। हम इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

अधिकारी ने कहा, “पीड़िता ने दंडाधिकारी के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया है और फरार दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए हम पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं।”

लड़की की चिकित्सकीय जांच में उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।

सेना के एक सूत्र ने कहा, “हमने हावड़ा जीआरपी को पूरी मदद का आश्वासन दिया है, जो मामले की जांच कर रही है। हमने भी मामले की एक जांच शुरू की है।” उन्होंने कहा कि फरार दोनों जवानों की पहचान करने व उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की मदद की जा रही है।

इसी बीच, छात्र संगठन ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स एसोसिएशन (एआईडीएसओ) ने इस मामले को लेकर शहर में विरोध-प्रदर्शन किया और कथित दुष्कर्मियों को मौत की सजा देने की मांग की।

कोलकाता में राज भवन के बाहर एआईडीएसओ के कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया, जिस दौरान पुलिस से झड़प के बाद कुछ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493