पटना, 30 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के दरभंगा जिले में मारे गए दो इंजीनियर जिस निजी कंपनी में कार्यरत थे, उसके एक अधिकारी ने बुधवार को कहा कि कंपनी से 75 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।
बीएससी-सी एंड सी जॉइंट वेंचर लिमिटेड के मुख्य परियोजना प्रबंधक बी.के. झा ने दरभंगा में संवाददाताओं को बताया कि कुख्यात गैंगस्टर संतोष झा के लिए काम करने वाला शूटर मुकेश पाठक कंपनी से अगस्त महीने से ही रंगदारी मांग रहा था।
उन्होंने कहा, “पाठक ने कंपनी की 750 करोड़ रुपये की इस सड़क निर्माण परियोजना में से 10 प्रतिशत की मांग की थी।”
कथित रूप से रंगदारी न मिलने पर दो मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने कंपनी के दो इंजीनियरों की गोली मारकर हत्या कर दी।
कंपनी के अधिकारी ने कहा कि पाठक ने रंगदारी के लिए 16 और 20 दिसंबर के बीच कई बार फोन किए थे।
उन्होंने कहा, “मुझे खुद पाठक के दो फोन काल आए थे और आधार शिविर परियोजना प्रबंधक शिव बचन सिंह यादव को भी इसी तरह का एक फोन काल आया था।”
अधिकारी ने कहा कि कंपनी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उनके आश्वासन पर भरोसा है।
पुलिस की जांच में इस घटना में संतोष झा गिरोह की संलिप्तता का संकेत मिला है। झा इस समय गया केंद्रीय कारागार में बंद है।
इस हत्याकांड के बाद, रविवार को बहेरी थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया था।
विशेष कार्यबल के पुलिस अधीक्षक शिवदीप लांडे के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
इस मामले में अब तक छह संदिग्ध गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath