प्रधानमंत्री ने रखी दिल्ली-मेरठ हाइवे की आधारशिला

नोएडा, 31 दिसम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली-डासना-मेरठ एक्सप्रेस वे परियोजना का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि देश के विकास को रफ्तार देने के लिए गांवों को सड़कों से जोड़ना बेहद जरूरी है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को काफी लाभ मिलेगा।

इस मौके पर उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, महेश शर्मा, वी.के. सिंह और उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर भी मौजूद थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा, “अटल जी ने देश को स्वर्णिम चतुर्भुज योजना से जोड़ने का काम हाथ में लिया था और उसे हम अंजाम तक पहुंचाएंगे।”

मोदी ने कहा, “अटल जी ने अपने समय में दो महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की थी। स्वर्णिम चतुर्भुज योजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना। इन दोनों योजनाओं के जरिये विकास की गति को और आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा।”

उन्होंने कहा कि दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेस वे के निर्माण से आसपास के इलाकों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और युवाओं को इसका लाभ मिलेगा।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं यहां इस बात का जिक्र करने नहीं आया हूं कि पिछले 10 वर्षो में कितना काम हुआ, लेकिन हमारी सरकार विकास की गति को रफ्तार देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्घ है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493