नई दिल्ली, 2 जनवरी (आईएएनएस)। पंजाब में शनिवार तड़के भारतीय वायु सेना के अड्डे पर हुए आंतकवादी हमले को लेकर सवाल उठाते हुए कांग्रेस ने कहा कि पिछले 20 साल से पंजाब में शांति थी, लेकिन अब वहां एकाएक आतंकवादी घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, “पंजाब में एकाएक पिछले कुछ महीनों से आतंकवादी घटनाओं में क्यों बढ़ोतरी हो रही है? राज्य में पिछले 20 साल से शांति छाई थी।”
सुरजेवाला ने कहा, “प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) को यह सुनिश्चित करना होगा कि भविष्य में ऐसी कोई घटना नहीं हो।”
पंजाब के पठानकोट में भारतीय वायु सेना के अड्ड़े पर तड़के करीब तीन बजे सेना की वर्दी में चार से छह आतंकवादियों ने हमला किया। सुरक्षा बलों के साथ सुबह आठ बजे तक आतंकवादियों की मुठभेड़ होती रही, जिसमें चार आतंकवादियों को मार गिराया गया, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath