इम्फाल, 4 जनवरी (आईएएनएस)। मणिपुर सहित पूर्वोत्तर राज्यों में सोमवार तड़के भूकंप के शक्तिशाली झटके महसूस किए गए, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई और 50 अन्य घायल हो गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.7 मापी गई।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, भूकंप सुबह 4.35 बजे आया और इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.7 मापी गई। इसका केंद्र मणिपुर के तामेंगलोंग जिले का सीमावर्ती क्षेत्र था। भूकंप के झटके मणिपुर, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में भी महसूस किए गए।
मेघालय के क्षेत्रीय भूकंप केंद्र के मुताबिक, पूर्वोत्तर भारत और आसपास के देशों म्यांमार, बांग्लादेश और भूटान में भी सोमवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य और आसपास के क्षेत्रों में भूकंप के बाद की स्थिति की जानकारी लेने के लिए मणिपुर के मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह से फोन पर चर्चा की।
मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से भी बात की और उनसे स्थिति पर नजर रखने को कहा। राजनाथ इस समय असम में हैं।
पुलिस महानिरीक्षक क्ले खोंगसाई ने आईएएनएस को बताया, “भूकंप से सार्वजनिक एवं निजी संपत्तियों को नुकसान हुआ है। जिला प्रशासन बचाव कार्यो में लगा हुआ है।”
इम्फाल में एक छह मंजिला इमारत आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके सात ही इलाके का लोकप्रिय महिला बाजार भी नष्ट हो गया है।
मणिपुर सरकार के मंत्री ई.रतन और अन्य अधिकारियों ने शहर में इमारतों और बाजार कॉम्प्लेक्स के क्षतिग्रस्त होने का आकलन किया है।
कुछ निजी अस्पतालों की दीवारों में भी दरार आ गई है, जिससे घबराए मरीज अस्पतालों से बाहर निकल गए।
इम्फाल और आसपास के स्थानों से इमारतों के नष्ट होने की खबरें हैं।
dharmpath.com dharmpath