्रपूर्वोत्तरी राज्यों में भूकंप के झटके, 5 की मौत (लीड-5)

इंफाल/गुवाहाटी, 4 जनवरी (आईएएनएस)। पूर्वोत्तरी राज्य असम, मणिपुर व पश्चिम बंगाल में सोमवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। मणिपुर में भूकंप में पांच लोगों की मौत हो गई और 60 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

मणिपुर के पुलिस महानिरीक्षक क्ले खोंगसाई ने आईएएनएस को बताया कि मृतकों में चार महिलाएं शामिल हैं। मलबे में दबे लोगों को बचाने के लिए पूरी रफ्तार से बचाव कार्य जारी है।

खोंगसाई ने कहा कि इंफाल में भूकंप से कई बहु-मंजिला इमारतें गिर गईं, जबकि कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है। इंफाल में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

तड़के करीब 4.35 बजे आए भूकंप का केंद्र मणिपुर का तमेंगलांग जिला बताया गया है। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 6.7 मापी गई है।

मेघालय के भूकंप केंद्र के एक अधिकारी ने कहा कि असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा एवं पश्चिम बंगाल में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। पड़ोसी देश म्यांमार, बांग्लादेश एवं भूटान में भी भूकंप महसूस किया गया।

इंफाल में भूकंप के बाद दोबारा झटके महसूस किए गए, जिनकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.6 मापी गई।

गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “इंफाल में अब तक पांच के मरने और 33 के घायल होने की खबर है। कुछ इमारतों, आवासीय इकाइयां और सरकारी दफ्तरों सहित एक छह-मंजिला इमारत को नुकसान पहुंचने की खबर है।”

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार तड़के पूर्वोत्तरी राज्य मणिपुर में आए भूकंप को देखते हुए केंद्र सरकार की ओर से पूरी मदद का आश्वासन दिया।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर मणिपुर के मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह से बात की। इबोबी ने हालात की समीक्षा करने के लिए एक कैबिनेट बैठक बुलाई है।

मोदी ने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से भी हालात की समीक्षा करने के लिए कहा है।

रविवार से असम के दो दिवसीय पर पहुंचे हुए राजनाथ ने राजधानी गुवाहाटी में भूकंप ग्रस्त सभी पूर्वोत्तरी राज्यों को केंद्र सरकार से मदद दिलाने का आश्वासन दिया।

राजनाथ ने यहां बताया, “प्रधानमंत्री ने मुझसे सभी पूर्वोत्तरी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से तालमेल बिठाने के लिए कहा है। मैंने लगभग उन सभी से बात की है। मैं हालांकि मणिपुर के मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह से संपर्क नहीं कर पाया।”

उन्होंने कहा, “मणिपुर के मुख्य सचिव ने मुझे बताया कि उनके राज्य में ज्यादा नुकसान हुआ है। केंद्र सरकार संकट से निपटने के लिए सभी पूर्वोत्तरी राज्यों को सहायता उपलब्ध कराएगी।”

राजनाथ ने कहा, “मैंने असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई जी से भी बात की और हालात का जानकारी ली।”

असम राज्य के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी.के. तिवारी ने कहा, “राज्य के विभिन्न इलाकों से इमारतों और घरों को भी मामूली नुकसान पहुंचने की खबरें मिली हैं। हम खबरों की पुष्टि करने का प्रयास कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि असम में भूकंप में कोई हताहत या बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।

वहीं, पड़ोसी देश बांग्लादेश की राजधानी ढाका में भूकंप में दो लोगों की मौत हो गई और 100 अन्य लोग घायल हुए हैं।

गृह मंत्रालय की ओर से कहा गया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) राहत एवं बचाव कार्य के लिए पूर्वोत्तरी राज्यों से तालमेल बैठा रहा है।

एक बयान में कहा गया, “एनडीएमए ने राज्य सरकारों, गृह, रक्षा, टेलीकॉम मंत्रालय एवं राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, सरकारी विभागों व एजेंसियों के साथ मिलकर काम करना शुरू कर दिया है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493