पठानकोट, 4 जनवरी (आईएएनएस)। यहां स्थित वायुसेना के अड्डे पर शनिवार को हुए हमले के तीसरे दिन सोमवार को भी तलाशी अभियान जारी है। वायुसेना के एक अधिकारी ने बताया कि दो आतंकवादी अब भी अड्डे के भीतर छिपे हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
वायुसेना के अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा, “हमने चार आतंकवादियों को मार गिराया है। दो अन्य को मार गिराने के लिए अभियान अपने अंतिम चरण में है।”
उन्होंने बताया कि आतंकवादी इमारत परिसर में छिपे हैं। भारतीय वायु सेना के बेस में रहने वाले सभी परिवार सुरक्षित हैं। किसी जानमाल की हानि की सूचना नहीं है।
इससे पहले खबर आई थी कि सुरक्षाबलों के तलाशी अभियान के दौरान अड्डे के अंदर से रुक-रुक कर गोलियों की आवाजें सुनाई दे रही हैं।
सुरक्षा बलों ने लगभग 15 घंटों तक चली मुठभेड़ में शनिवार को चार आतंकियों को मार गिराया गया था। मुठभेड़ में सात जवान भी शहीद हो गए हैं, जिनमें से एक राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के अधिकारी, एक भारतीय वायुसेना के कमांडो और पांच रक्षा सेवा कोर (डीएससी) के जवान हैं।
dharmpath.com dharmpath