तिरुवनंतपुरम, 6 जनवरी (आईएएनएस)। केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने बुधवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) से अपनी शराब नीति स्पष्ट करने को कहा है।
चांडी ने यहां संवाददाताओं से कहा, “इस नीति पर काफी समय से चर्चा चल रही है। सर्वोच्च न्यायालय ने भी इसे मंजूरी दे दी है, लेकिन माकपा जो कुछ समय से हम पर आरोप लगा रही है, उसका कहना है कि वे नीति को बाद में स्पष्ट करेंगे।”
चांडी ने सवाल दागते हुए कहा, “वे अपनी नीति स्पष्ट करने में संकोच क्यों कर रहे हैं?”
चांडी केरल के माकपा सचिव कोडियेरी बालकृष्णन के मंगलवार के बयान के बारे में बात कर रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्होंने अब तक अपनी शराब नीति तय नहीं की है, क्योंकि वे अभी इस पर वाम लोकतांत्रिक मोर्चे (एलडीएफ) से चर्चा करेंगे।
ज्ञात हो कि केरल की ओमन चांडी सरकार ने पिछले साल एक नई नीति बनाई थी, जिसके तहत 10 सालों के भीतर राज्य को पूरी तरह से शराबमुक्त राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया था और इस नीति के तहत सिर्फ पांच सितारा होटलों को ही शराब परोसने की अनुमति दी गई है।
पिछले महीने सर्वोच्च न्यायालय ने केवल पांच सितारा होटलों के बारों में ही शराब परोसने की राज्य की नीति को सही ठहराते हुई इस फैसले को अपनी स्वीकृति दे दी थी।
केरल सरकार की इस नई नीति के तहत गैर पांच सितारा होटलों में शराब परोसने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था, जिसके कारण 700 से भी ज्यादा बारों को जिन्हें खोला जाना था, वे हमेशा के लिए बंद हो गए।
dharmpath.com dharmpath