भोपाल में विमान के उतरते समय टायर फटा, यात्री सुरक्षित (लीड-1)

भोपाल, 6 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सार्वजनिक क्षेत्र की विमानन कंपनी, एयर इंडिया के एक विमान के यहां बुधवार को उतरते समय उसका टायर फट गया, लेकिन पायलट की सूझबूझ के कारण बड़ा हादसा टल गया। विमान के सभी यात्री सुरक्षित रहे, वहीं इसी विमान की वापसी में दिल्ली जाने वाले यात्री अन्य उड़ान से दोपहर बाद दिल्ली जा सके।

सूत्रों के अनुसार, बुधवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे दिल्ली से भोपाल पहुंचा, उड़ान संख्या एआई435 वाला विमान जब राजा भोज विमान तल की हवाईपट्टी पर उतर रहा था, तभी उसका एक टायर फट गया। टायर के फटते ही यात्रियों को झटका लगा और वे परेशान हो उठे।

पायलट ने किसी तरह विमान को काबू में किया, और बड़ा हादसा टल गया। विमान में 95 यात्री सवार थे, जो सभी सुरक्षित रहे। यही विमान उड़ान क्रमांक आईए 436 के नाम से सुबह सात बजकर 55 मिनट पर दिल्ली वापस जाता है।

गांधी नगर थाने के प्रभारी जितेंद्र पटेल ने आईएएनएस को बताया कि दिल्ली से आई एक उड़ान में कुछ गड़बड़ी की सूचना उन तक आई है, मगर वास्तव में क्या हुआ है, इसकी जानकारी उनके पास नहीं है।

इसी विमान से दिल्ली की यात्रा करने वाले यात्री महेंद्र कुमार चैरसिया ने आईएएनएस से कहा कि उन्हें दिल्ली होते हुए भुवनेश्वर जाना था, मगर हवाईअड्डे पर पहुंचने पर उन्हें विमान का टायर फटने की खबर दी गई। इसके कारण यह उड़ान तय समय पर दिल्ली वापस नहीं जा सकी और उनकी आगे की यात्रा प्रभावित हुई है, इस विमान से दिल्ली की यात्रा करने वाले सभी यात्रियों को होटल पलाश में नाश्ते और दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई।

शाम को दूरभाष पर चैरसिया ने बताया कि वे अपने मित्र भीमसेन चौरसिया व अन्य यात्रियों के साथ एयर इंडिया की अन्य उड़ान से दिल्ली पहुंच गए, मगर उनकी आगे की यात्रा प्रभावित हुई है।

विमान का टायर फटने और विमान के दिल्ली वापस जाने को लेकर हवाईअड्डा प्राधिकरण और एयर इंडिया से जुड़े अधिकारी देर शाम तक किसी तरह की बात करने को तैयार नहीं हुए। वहीं वे यात्री परेशान रहे, जिन्हें इसी विमान की वापसी में दिल्ली की यात्रा करनी थी।

उड़ान में देरी के कारण यात्रियों के नाश्ते और दोपहर भोजन की व्यवस्था होटल पलाश में की गई थी, होटल पलाश के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें 70-80 यात्रियों के नाश्ते और भोजन के आर्डर दिया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493