कोलकाता, 7 जनवरी (आईएएनएस)। मेगास्टार अमिताभ बच्चन फिल्म ‘टीई3एन’ की शूटिंग के दौरान चोटिल हो गए हैं। उनके पंजर (रिब केज) में चोट आई है।
अमिताभ ने गुरुवार की सुबह अपने ब्लॉग और ट्विटर पर इसकी जानकारी दी।
उन्होंने अपने ब्लॉग में लिखा, “मेरे पंजर (रिब केज) में चोट आई है, लेकिन इसमें चिंता की कोई बात नहीं है। दर्द हो रहा है.. चिकित्सक की सलाह पर बर्फ से सेंक रहा हूं और दर्द निवारक ले रहा हूं। चिकित्सक ने 48 घंटे में ठीक होने को कहा है।”
चोट के बावजूद अमिताभ अपनी फिल्म ‘वजीर’ के प्रचार में जुटे हुए हैं। यह फिल्म 8 जनवरी (शुक्रवार) को प्रदर्शित हो रही है। फिल्म ‘वजीर’ का निर्देशन बिजॉय नाम्बियार ने किया है। इसमें फरहान अख्तर भी मुख्य भूमिका में हैं।
अमिताभ ने ट्विटर पर लिखा, “शूटिंग के दौरान रिब में चोट लगी..लेकिन ठीक है.. दोस्तों के साथ ‘वजीर’ देखने कोलकाता के साउथ सिटी मॉल जाने वाला हूं।”
अमिताभ इस समय फिल्म ‘टीई3एन’ की शूटिंग के लिए कोलकाता में हैं। इसका निर्माण सुजॉय घोष और निर्देशन रिभू दासगुप्ता कर रहे हैं। फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी और विद्या बालन भी शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath