महबूबा के आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के आसार

श्रीनगर, 7 जनवरी (आईएएनएस)। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष और जम्मू एवं कश्मीर के दिवंगत मुख्यमंत्री मुफ्ती मुहम्मद सईद की बेटी महबूबा मुफ्ती के गुरुवार शाम राज्य की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने की संभावना है।

पीडीपी सूत्रों ने आईएएनएस को बताया, “पार्टी के वरिष्ठ नेता मुजफ्फर हुसैन बेग और अल्ताफ बुखारी ने राज्यपाल एन.एन. वोहरा को एक पत्र सौंपा है, जिसके जरिए पीडीपी ने महबूबा मुफ्ती को राज्य में अपने विधायक दल के नेता के रूप में नामित किया है।”

कहा गया, “पत्र में राज्यपाल से आग्रह किया गया है कि मुफ्ती सईद की अंतिम यात्रा पूरी होने के बाद महबूबा को आज (गुरुवार) शाम पद की शपथ दिलाई जाए।”

राज्यपाल अब महबूबा मुफ्ती को कार्यकारी मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाने का निर्णय ले सकते हैं और उन्हें 15 दिनों में विधानसभा में अपना बहुमत साबित करने के लिए कह सकते हैं।

महबूबा मुफ्ती इस वक्त राज्य के अनंतनाग जिले से लोकसभा सदस्य हैं। संवैधानिक नियमों के अनुसार, उन्हें या तो छह माह के भीतर विधानसभा के लिए चुना जाना होगा या इसी अवधि के दौरान विधान परिषद के लिए नामित होना होगा।

अगर वह मुख्यमंत्री बनती हैं, तो वह देश के एकमात्र मुस्लिम बहुल राज्य जम्मू एवं कश्मीर की पहली महिला मुख्यमंत्री होंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493