नायडू ने सोनिया, मनमोहन से जीएसटी पर चर्चा की

नई दिल्ली, 7 जनवरी (आईएएनएस)। संसदीय कार्य मंत्री एम वेंकैया नायडू ने गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात की और उनसे वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विधेयक तथा रियल एस्टेट विधेयक को जल्द से जल्द पारित कराने पर सहयोग मांगी।

मुलाकात के बाद नायडू ने संवाददाताओं से कहा, “सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह से जीएसटी पर चर्चा करने के लिए मुलाकात की। उन्होंने कुछ मुद्दे उठाए हैं, जिनका समाधान वित्तमंत्री अरुण जेटली ने कर दिया है।”

उन्होंने कहा, “कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी के अन्य नेताओं से चर्चा कर हमें जवाब देने का आश्वासन दिया है।”

सूत्रों के मुताबिक, नायडू ने कांग्रेस नेताओं से कहा कि यदि मुख्य विपक्षी पार्टी और दूसरी पार्टियां सहमत हों तो बजट सत्र पहले शुरू की जा सकती है।

सूत्रों के मुताबिक, नायडू ने उन्हें जीएसटी पर कांग्रेस द्वारा उठाए गए मुद्दे के संदर्भ में सरकार की राय से भी अवगत कराया।

कांग्रेस जीएसटी में 18 फीसदी की अधिकतम कर सीमा लगाने, एक फीसदी अतिरिक्त कर का प्रावधान हटाने और एक स्वतंत्र विवाद निपटारा प्रणाली स्थापित करने की मांग कर रही है।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक, नायडू ने रियल एस्टेट विधेयक पर भी कांग्रेस का सहयोग मांगा और कहा कि सरकार ने प्रवर समिति की अधिकतर सिफारिशें मान ली हैं।

जीएसटी विधेयक लोकसभा में मई में पारित हो चुका है, लेकिन राज्यसभा में समुचित समर्थन के अभाव में यह पारित नहीं हो सका है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493