शिमला में मौसम की दूसरी बर्फबारी (लीड-1)

शिमला, 7 जनवरी (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में गुरुवार को मौसम की दूसरी बर्फबारी हुई, जिसके कारण तापमान में गिरावट आ गई।

यहां मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “दोपहर में शिमला और उसके नजदीकी इलाकों में बारिश के साथ ही रुक-रुक कर हिमपात होता रहा।”

शिमला में बर्फबारी की खबर मिलते ही नजदीकी मैदानी इलाकों से पर्यटक शिमला और आसपास की पहाड़ियों का रुख करने लगे।

हालांकि शिमला में कुछ ही घंटों में बर्फ पिघल गई।

अधिकारियों के मुताबिक, शिमला से लगभग 300 किमी दूर मनोरम पर्यटक स्थल मनाली के साथ ही लाहौल-स्पीति, चंबा और कुल्लू में भी बर्फबारी हुई।

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, राज्य में शुक्रवार तक और बारिश एवं बर्फबारी के आसार हैं।

राजधानी में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्यिस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राज्य में लाहौल-स्पीति का जिला मुख्यालय केलांग सबसे सर्द रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

किन्नौर जिले के कल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री नीचे दर्ज किया गया। मनाली में न्यूनतम तापमान एक डिग्री, धर्मशाला में 6.8 डिग्री एवं डलहौजी में 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493