कोलकाता, 7 जनवरी (आईएएनएस)। युवाओं को गैर-औपचारिक वैज्ञानिक शिक्षा प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद की ओर से बिड़ला औद्योगिक और तकनीकी संग्रहालय (बीआईटीएम) द्वारा दो दिवसीय ‘राष्ट्रीय विज्ञान नाट्य’ उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि उत्सव का उद्घाटन गुरुवार को हुआ, जिसमें नौ राज्यों से लगभग सौ छात्र हिस्सा लेंगे।
बीआईटीएम के मुताबिक, स्कूली छात्रों द्वारा चार स्तरों – जिला स्तर, राज्य स्तर, मण्डलीय स्तर और अंत में राष्ट्रीय स्तर पर सामाजिक प्रासंगिकता के विषयों पर विज्ञान नाटक तैयार और प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
बीआईटीएम के मुताबिक, “हालांकि मण्डलीय स्तर तक समारोह का प्रारूप बेहद प्रतियोगी होता है, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर यह एक भव्य उत्सव का रूप ले लेता है, जिसमें देश के पांच मण्डलों पूर्व, उत्तर पूर्व, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण में से प्रत्येक की विजेता और उपविजेता टीमों को मिलाकर कुल 10 टीमें अपने नाटक प्रस्तुत करेंगी और उन्हें सम्मानित किया जाएगा।”
इस बार चुनी गई 10 टीमों में ओडिशा, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, असम, गोवा, महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब और केरल की टीमें शामिल हैं।
आयोजनकर्ताओं के मुताबिक, “यह उत्सव युवा मस्तिष्कों में वैज्ञानिक जिज्ञासा के बीज बोने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही यह तर्कहीन विचारों को दूर करता है और आधुनिक प्रोद्यौगिकी की मूल समझ विकसित करता है।”
dharmpath.com dharmpath