हवाना, 8 जनवरी (आईएएनएस)। जर्मनी क्यूबा की राजधानी हवाना में एक व्यापारिक कार्यालय स्थापित करेगा।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, क्यूबा के दौरे पर आए जर्मनी के वाइस चांसलर और ऊर्जा तथा आर्थिक मामलों के मंत्री सिग्मर गैब्रिएल और क्यूबा के विदेश व्यापार तथा निवेश मंत्री रोड्रिगो मलमीरका ने गुरुवार को हवाना में एक बैठक के दौरान वाणिज्यिक कार्यालय की स्थापना से संबंधित एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए।
अभी हालांकि यह नहीं बताया गया है कि कार्यालय कब तक स्थापित होगा।
कार्यालय स्थापित करने का मकसद क्यूबा में जर्मन निवेश बढ़ाना है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार अभी 24.5 करोड़ डॉलर सालाना है।
बैठक में गैब्रिएल ने कहा कि जर्मनी की कंपनियां क्यूबा में लंबे समय के लिए निवेश करना चाहती हैं, खासकर इसलिए क्योंकि क्यूबा अपनी अर्थव्यवस्था का आधुनिकीकरण करना चाहता है।
मलमीरका ने क्यूबा और जर्मनी के बीच आर्थिक संबंध में विस्तार की संभावना में विश्वास दिखाया।
गैब्रिएल के साथ प्रतिनिधिमंडल में फोक्सवैगन, सीमेंस एजी और बोश जैसी जर्मनी की 60 प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधि भी आए हैं।
dharmpath.com dharmpath