सावरकर को ‘नहीं जानने’ पर गोवा एनसीपी प्रमुख की आलोचना

पणजी, 8 जनवरी (आईएएनएस)। गोवा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने वीर सावरकर के बारे में गोवा के राष्ट्रवादी कांग्रेस (एनसीपी) के प्रमुख फिलिप डीसूजा की तीखी आलोचना की है। डीसूजा ने कहा था कि वह नहीं जानते कि वीर सावरकर कौन थे।

मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पारसेकर ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि डीसूजा को अपनी पार्टी के प्रमुख शरद पवार से भारतीय इतिहास का सबक पढ़ना चाहिए।

पारसेकर ने कहा कि डीसूजा को अंडमान निकोबार की उस जेल में कुछ घंटे बिताने चाहिए जहां सावरकर को आजादी से पहले रखा गया था।

पारसेकर ने डीसूजा के बयान के बारे में पूछे जाने पर गुरुवार को कहा, “मैंने कुछ प्रेरणादायी समय वहां गुजारे हैं। अगर वह नहीं जानते कि सावरकर कौन हैं तो उन्हें अपनी पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार से पूछना चाहिए कि वह कितने महान स्वतंत्रता सेनानी थे।”

पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में डीसूजा ने बैना शहर स्थित सरकारी कला केंद्र का नामकरण सावरकर के नाम पर किए जाने पर आपत्ति जताई थी।

डीसूजा ने कहा था, “वे रविंद्र भवन का नाम वीर विनायक दामोदर सावरकर के नाम पर करना चाह रहे हैं। मेरा सवाल है कि वह कौन हैं, क्या वह गोवा के रहने वाले हैं या किसी और देश के..हम नहीं जानते।”

डीसूजा के बयान पर एक अन्य मंत्री महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के नेता सुधिन धावालिकर ने भी ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि सावरकर के प्रति अनभिज्ञता जताकर डीसूजा ने स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान किया है।

उन्होंने कहा, “मैं जानना चाहता हूं कि क्या डीसूजा भारतीय नागरिक भी हैं, अगर उन्होंने सावरकर के बारे में ही नहीं सुना है।”

सावरकर स्वतंत्रता सेनानी और हिंदू महासभा के अध्यक्ष थे। उन्हें महात्मा गांधी की हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। बाद में उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493