दिल्ली में घना कोहरा, रेलगाड़ियां, उड़ानें रद्द (लीड-1)

नई दिल्ली, 8 जनवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली शुक्रवार सुबह घने कोहरे की चादर में लिपटी रही, जिसके कारण कई रेलगाड़ियां और उड़ानें रद्द कर दी गईं।

अधिकारियों ने कहा कि कोहरे के कारण दृश्यता काफी घट गई और सुबह 8.30 बजे दृश्यता का स्तर 50 मीटर से भी कम था।

इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि एयर इंडिया की तीन घरेलू उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। दिल्ली आने वाली अन्य 10 उड़ानों -दोनों घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय- को कम दृश्यता के चलते दूसरी ओर मोड़ना पड़ा।

सूत्रों ने बताया कि घने कोहरे की वजह से 24 रेलगाड़ियां रद्द कर दी गईं और 19 रेलगाड़ियां देर से चल रही हैं तथा एक के समय में बदलाव किया गया है।

राष्ट्रीय राजधानी में हालांकि सामान्य यातायात अप्रभावित रहा, क्योंकि सड़कों पर वाहनों की आवाजाही सामान्य रही।

दिल्ली यातायात पुलिस की हेल्पलाइन के अनुसार, केवल नारायणा फ्लाईओवर से धौला कुआं तक यातायात की रफ्तार धीमी रही।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अधिकारियों ने अनुमान जताया था कि दिनभर आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है।

सुबह न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह औसत से पांच डिग्री अधिक है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493