नई दिल्ली, 10 जनवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह एक दम्पति और उनके बेटे का शव मिला। पुलिस के अनुसार, तीनों की हत्या की गई है।
पुलिस ने बताया कि युगल ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में रहता था। सुबह लगभग नौ बजे घरेलू सहायिका घर पहुंची, तो ज्योति सुनारिया (48) और उनके बेटे पवन सुनारिया (21) को मृत पाया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। बाद में ज्योति के पति संजय सुनारिया (51) का शव एक अलमारी से बरामद किया गया।
संयुक्त पुलिस आयुक्त एस.के. गौतम ने कहा, “हत्या संभवत: शनिवार रात में हुईं। हमने मृतकों के रिश्तेदारों, पड़ोसियों और पारिवारिक दोस्तों से पूछताछ शुरू कर दी है।”
पुलिस के मुताबिक, घर का सामान बिखरा पड़ा हुआ था, हालांकि कोई कीमती सामान गायब नहीं हुआ है, जिससे पता चलता है कि हत्याएं लूटपाट के मकसद से नहीं की गई हैं।
संजय बिक्री कर विभाग में कार्यरत थे और प्रॉपर्टी का काम भी करते थे। बेटा पवन रोहिणी के महाराजा अग्रसेन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से मेकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था।
पुलिस अधिकारी ने कहा, “घर में जबरन घुसने की कोशिश का कोई संकेत नहीं मिला है, इसलिए ऐसा लगता है कि परिवार हत्यारों को जानता था। कुछ सबूत संपत्ति संबंधी विवाद की ओर इशारा कर रहे हैं।”
dharmpath.com dharmpath