रामगोपाल ने खोली अखिलेश सरकार की पोल : भाजपा

लखनऊ, 10 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई ने रविवार को कहा कि राज्य की सत्तारूढ़ सरकार के विकास कार्यो की पोल समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने खुद खोल दी है।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हरीश श्रीवास्तव ने रविवार को पत्रकारों से कहा कि सपा की सरकार द्वारा विगत साढ़े तीन वर्षो में कराए गए विकास कार्यो की असलियत को प्रदेश की जनता पहले से ही जानती है।

श्रीवास्तव ने कहा, “अब तो फिरोजाबाद की सड़क निर्माण में बेईमानी की बात सपा राष्ट्रीय महासचिव ने ही खोली है। विकास कार्यो में भ्रष्टाचार निरंतर बढ़ना तथा ठेकेदारों की दबंगई की जो शिकायत सांसद रामगोपाल यादव ने की है, वह केवल फिरोजाबाद तक ही सीमित नहीं, बल्कि समूचे प्रदेश का सच यही है, जो राष्ट्रीय महासचिव ने कही है।”

प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश में चल रहे विकास कार्यो की वास्तविकता की ईमानदारी से जांच हो तो यह बात साफ हो जाएगी। विकास की विभिन्न योजनाओं के मद में जनता के कोष का भारी दुरुपयोग सामने आएगा।

उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश की विभिन्न योजनाओं के तहत कराए गए विकास कार्यो में लूट का हिसाब प्रदेश की जनता जानना चाहती है। 38 लाख किसानों में से केवल 8 लाख किसानों को ही सब्सिडी का बीज मिल सका। सरकार गेहूं की बुआई खत्म होने के बाद 31 जनवरी तक किसानों को सब्सिडी वाले बीज बांटने की औपचारिकता मात्र पूरा कर रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493