भोपाल, 10 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वातावरण में बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जताते हुए रविवार को प्रदेश वासियों से आह्वान किया कि वे सप्ताह में एक दिन वाहन का इस्तेमाल न करें।
शिवराज ने भोपाल में वाहन प्रदूषण के प्रति जागरूकता लाने के लिए आयोजित रैली और मिनी मैराथन के दौरान यह बात कही। राज्य के अन्य हिस्सों में भी रैली और मिनी मैराथन का आयोजन किया गया।
मुख्यमंत्री ने वाहन चालकों और मालिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के प्रदूषण स्तर की नियमित रूप से जांच कराएं और प्रदेश को साफ व हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प लें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वाहनों से वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। वायु प्रदूषण ऐसे ही बढ़ता रहा तो जीवन खतरे में पड़ जाएगा। भावी पीढ़ी के लिए प्रदूषण मुक्त पर्यावरण बनाने का संकल्प लेना होगा। हर नागरिक को योगदान देना होगा। पर्यावरण को खराब करने का किसी को अधिकार नहीं है।
शिवराज ने वाहन प्रदूषण कम करने, वाहनों के कार्बन उत्सर्जन की नियमित जांच कराने, सप्ताह में एक दिन वाहन का उपयोग न करने, लोक परिवहन का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करने, प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की सूचना परिवहन अधिकारी या सक्षम अधिकारी को देने और यातायात के नियमों का पालन करने का संकल्प दिलवाया।
वहीं, परिवहन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि राज्य सरकार वाहनों से होने वाले प्रदूषण में कमी लाने के लिए प्रयासरत है। इस दिशा में लोक परिवहन को सुविधाजनक बनाने की गई पहल के सार्थक परिणाम मिले हैं। भोपाल से इंदौर तक अब प्रतिदिन 24 वाल्वो बस का संचालन हो रहा है। इससे इस मार्ग पर चलने वाली टैक्सियों में कमी आई है।
वाहन प्रदूषण जागरूकता रैली और मिनी मैराथन में कालेजों के छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों व सेना के जवानों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इसी तरह राज्य के अन्य हिस्सों में भी बढ़ते प्रदूषण के प्रति जागृति लाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए गए।
dharmpath.com dharmpath