गुलाम अली की मुंबई यात्रा की योजना, नजरें शिव सेना पर

मुंबई, 11 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तानी गजल गायक गुलाम अली की योजना 29 जनवरी को मुंबई में एक संगीत कार्यक्रम में हिस्सा लेने की है। अब सबकी नजरें शिव सेना पर टिकी हुई हैं।

फिल्मकार सुहैब इलियासी ने यहां रविवार को बताया कि गुलाम अली ‘घर वापसी’ फिल्म के म्यूजिक लांच के मौके पर मुंबई में हो सकते हैं। उन्होंने इस फिल्म में देशभक्ति का एक गीत भी गाया है।

मुंबई और पुणे में पिछले साल नौ और 10 अक्टूबर को प्रस्तावित गुलाम अली के कार्यक्रम को शिव सेना की धमकी के बाद रद्द कर दिया गया था। इसके बाद गुलाम अली पहली बार मुंबई में किसी कार्यक्रम में भाग लेने आ रहे हैं।

‘घर वापसी’ के म्यूजिक लांच कार्यक्रम में सोनू निगम और सुनिधि चौहान के भी शामिल होने की संभावना है।

शिव सेना पाकिस्तान के किसी भी कलाकार का भारत में कार्यक्रम होने का यह कहते हुए विरोध करती है कि पाकिस्तान पहले भारतीय सैनिकों को मारना बंद करे, तभी कार्यक्रम होगा।

इलियासी ने उम्मीद जाहिर की है कि कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न होगा। हालांकि यह अभी तक तय नहीं है कि गुलाम अली अपनी प्रस्तुति भी देंगे या नहीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493