मप्र : मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद दिखाई न देने की शिकायत

श्योपुर, 12 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में बड़वानी जिले में मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद 53 लोगों की आंखों की रोशनी जाने का मामला अभी लोग भूले भी नहीं थे कि श्योपुर जिले में इसी तरह का वाकया सुनने में आया है। कई लोगों ने मोतियाबिद ऑपरेशन के बाद दिखाई न देने की शिकायत की है।

27 नवंबर को श्योपुर जिला चिकित्सालय में लगे शिविर में 66 लोगों का मोतियाबिंद का ऑपरेशन हुआ था और लैंस प्रत्यारोपित किए गए थे। ऑपरेशन के 45 दिन बाद यानी सोमवार को इन लोगों की आंखों के टांके काटे गए, जिसके बाद इनमें से चार लोगों ने बिल्कुल न दिखने की शिकायत की। वहीं कई अन्य लोगों ने धुंधला दिखने की बात कही।

जिला अस्पताल के मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी (सीएमएचओ) डा. प्रदीप मिश्रा ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि चिकित्सालय में नेत्र विशेषज्ञ के अवकाश पर होने पर ग्वालियर के नेत्र रोग विशेषज्ञों ने मोतियाबिंद के ऑपरेशन किए थे। सोमवार को मरीजों की आंखों के टांके काटे गए। इसके बाद कुछ मरीजों ने पहले साफ दिखाई न देने की बात की, लेकिन बाद में सब ठीक होने की बात कही।

उन्होंने कहा कि टांके कटने के तीन से चार दिन बाद साफ दिखाई देने लगता है। इन मरीजों के मामले में भी ऐसा ही होगा। इसके बावजूद प्रशासन ने एहतियातन ग्वालियर से दो नेत्र रोग विशेषज्ञों को बुलाया है।

उल्लेखनीय है कि बड़वानी जिले में नवंबर में 86 लोगों के मोतियाबिंद के ऑपरेशन हुए थे, जिनमें से 53 की आंखों में संक्रमण होने की वजह से उनकी रोशनी चली गई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493