नई दिल्ली/पठानकोट, 13 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल ने पठानकोट हमले में शहीद हुए दो सुरक्षाकर्मियों के परिजनों से बुधवार को मुलाकात की और उन्हें दो-दो लाख रुपये के चेक दिए।
केजरीवाल ने उस टैक्सी ड्राइवर के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें भी दो लाख रुपये के चेक सौंपे। इस टैक्सी चालक को पठानकोट हमले के एक दिन पहले आतंकवादियों ने मार डाला था।
मुख्यमंत्री के एक सहयोगी ने आईएएनएस को बताया, “केजरीवाल ने तीनों परिवारों को दो-दो लाख रुपये के चेक सौंपे।”
हमले में शहीद हुए सूबेदार मेजर फतेह सिंह गुरदासपुर जिले के चक्क शरीफ गांव के और हवलदार कुलवंत सिंह झंडा गुज्जरां गांव के रहने वाले थे, जबकि दो जनवरी को हुए हमले से एक दिन पूर्व आंतकियों द्वारा मारा गया टैक्सी ड्राइवर पठानकोट के भगवाल गांव का रहने वाला था।
केजरीवाल गुरुवार को मुक्तसर साहिब जिले में एक रैली को संबोधित करेंगे।
dharmpath.com dharmpath