भोपाल, 13 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में नर्मदा नदी के जल में पर्यटकों की अठखेलियों का गवाह बनेगा इंदिरा सागर बांध के ‘हनुवंतिया’ टापू का जल महोत्सव। फरवरी माह में प्रस्तावित इस महोत्सव में 10 दिन तक चलने वाली गतिविधियों में पर्यटक जल पर्यटन का पूरा आनंद ले सकेंगे।
राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा बुधवार को दी गई जानकारी में बताया गया है कि खंडवा जिले में स्थित इंदिरा सागर बांध एशिया की सबसे बड़ी मानव निर्मित जल संरचना है। इस बांध के ‘हनुवंतिया’ टापू में जल महोत्सव 12 से 21 फरवरी के बीच आयोजित होगा।
निगम के अनुसार, जल महोत्सव में जल क्रीड़ा, पतंगबाजी, वालीबाल, बैलगाड़ी दौड़ आदि आयोजित होंगे। साथ ही निमाड़ और मालवा अंचल की संस्कृति एवं लोक नृत्य पर केंद्रित कार्यक्रम भी होंगे। सैलानियों के रुकने के लिए शिविर भी बनेंगे।
निगम ने कहा है कि “यह स्थान प्रकृति की मनोरम छंटा से परिपूर्ण है। यहां सघन, हरित वन सम्पदा मन को भाने वाली है, तो दूसरी ओर नर्मदा जल की लहरियां। इस तरह के नजारे की पर्यटक कल्पना करते हैं, मगर ‘हनुवंतिया’ टापू में यह कल्पना साकार हो रही है।” हनुवंतिया टापू में महोत्सव की तैयारियां जारी हैं।
पर्यटन विकास निगम के अनुसार, “जल-महोत्सव के दौरान, हनुवंतिया से 12 किलोमीटर दूर स्थित टापुओं के समूह की साहसिक यात्रा एक विशेष आकर्षण होगा। सैलानियों को वहां क्रूज ‘नर्मदा क्वीन’ और मोटर बोट से ले जाया जाएगा। इस स्थान पर कैम्प फायर, लजीज भोजन और मनोरंजन के कार्यक्रम होंगे।”
पर्यटन विभाग के अनुसार, “जल-महोत्सव के दौरान हनुवंतिया में आगामी सिंहस्थ कुंभ 2016 एवं मध्यप्रदेश में पर्यटन गतिविधियों पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस स्थान पर बनने जा रहे ‘तंबू नगर’ में लगने वाले टेंट स्विस कॉटेज की तरह सुविधायुक्त होंगे। इनमें सैलानियों के लिए जरूरी सहूलियतें जुटाई जाएंगी। हेलीपैड एवं पार्किं ग के इंतजाम किए जाएंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए मंच का निर्माण होगा।”
dharmpath.com dharmpath