मप्र में कोहरा छाया, ठंड बढ़ी

भोपाल, 17 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर रविवार की सुबह कोहरा छाया रहा। यहां ठिठुरन भी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान बारिश व ओलावृष्टि के साथ कोहरा छाने की संभावना जताई है।

राज्य के मौसम के मिजाज में शनिवार को आए बदलाव का असर रविवार को भी बना हुआ है। सुबह से ही कोहरा छाया हुआ है, धूप नहीं निकली है, जबकि सर्द हवाएं चलने से एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। मौसम में आए बदलाव की वजह जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना माना जा रहा है। इसका कारण अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी का आना भी है। कोहरे के कारण जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान ग्वालियर, चंबल, सागर और भोपाल में घना कोहरा छाने के साथ-साथ होशंगाबाद, इंदौर संभाग के अलावा छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, रायसेन और भोपाल में ओलावृष्टि का भी अनुमान जताया है।

मौसम में आए बदलाव से राज्य के तापमान में गिरावट आने के साथ ठंड बढ़ गई है। रविवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री, इंदौर का 13.6 डिग्री, ग्वालियर का 6.0 डिग्री और जबलपुर का 16.0 डिगी सेल्सियस दर्ज किया गया।

इससे पहले शनिवार को राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री, इंदौर का 25.2 डिग्री, ग्वालियर का 20.8 डिग्री और जबलपुर का 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493