पणजी, 17 जनवरी (आईएएनएस)। कीचड़ से भरे धान के खेत में 12 जनवरी को संदिग्ध हालात में मृत मिले अमेरिकी नागरिक का शनिवार को पोस्टमार्टम किया गया। शुरुआती रूप से यही लग रहा है कि उसकी मौत दम घुटने से हुई।
एक पुलिस अधिकारी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो फोरेंसिक चिकित्सकों के दल को शव पर गैर जानलेवा चोटें मिली हैं।
गोवा के सरकारी मेडिकल कॉलेज में हुए पोस्टमार्टम के शुरुआती निष्कर्षो के बारे में कोई पुलिस अधिकारी या मेडिकल कॉलेज के प्रवक्ता अधिकृत रूप से कुछ भी कहने के लिए तैयार नहीं हैं।
अमेरिका के ओहायो राज्य के रहने वाले कैटन्या लिला होल्ट की उत्तरी गोवा के कोरगाओ में कीचड़ से भरे खेत में संदिग्ध रूप से दम घुटने से मौत हुई थी। पुलिस कर्मियों और ग्रामीणों ने उसे चोर समझकर दौड़ाया था।
मीडिया के एक हिस्से में छपी खबरों में यह कहा गया है कि पीछा करने वाले कुछ लोगों ने उसे पीटा था।
अमेरिकी दूतावास के अधिकारी मामले की तहकीकात के लिए गोवा पहुंचे हुए हैं।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि विसरा के नमूने लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए मुंबई या हैदराबाद के फोरेंसिक संस्थान भेजा जाएगा।
होल्ट की मौत का मामला राज्य विधानसभा में भी उठा था। विपक्ष ने इसे हत्या बताया था। मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पार्सेकर ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा था कि अमेरिकी नागरिक की मौत एक हादसा थी।
पुलिस ने कहा था कि होल्ट असंगत व्यवहार कर रहा था। इससे गांववालों को लगा कि वह चोर है।
dharmpath.com dharmpath