नई दिल्ली, 17 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली मेट्रो रेल कोर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने रविवार को दावा किया कि पर्यावरण की रक्षा के लिए उसने पांच महीने की अवधि में 8.80 टन रद्दी कागज रिसाइकल किया है।
डीएमआरसी ने यहां एक बयान में कहा, “अगस्त 2015 में दिल्ली मेट्रो के कार्यालयों से निकले कागजों को रीसाइकल और री-यूज करने का फैसला लिया गया था।”
बयान के मुताबिक, इसके लिए एक विशिष्ट एजेंसी की सेवाएं ली गईं और सभी कार्यालयों में रद्दी कागजों के लिए टोकरियां रखी गईं। एजेंसी ने रद्दी कागजों को रिसाइकल करके दिल्ली मेट्रो को फिर से दे दिया।
इस पहल से डीएमआरसी की कागज की जरूरत काफी हद तक रिसाइकल्ड रद्दी कागज से ही पूरी होने लगी है।
बयान के मुताबिक, डीएमआरसी ने कई अन्य उत्पादों की रिसाइकलिंग भी शुरू कर दी है।
दिल्ली मेट्रो अपने सभी आगामी स्टेशनों का निर्माण ग्रीन बिल्डिंग के तौर पर कर रही है, जिनमें सौर ऊर्जा की सुविधा है।
कई डीएमआरसी स्टेशनों, डिपो और आवासीय परिसरों में पहले ही सौर ऊर्जा सुविधाएं हैं।
dharmpath.com dharmpath