पिता राज कपूर की जन्मस्थली से रणधीर को लगाव नहीं

मुंबई, 18 जनवरी (आईएएनएस)। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता, फिल्मकार दिवंगत राज कपूर के सबसे बड़े बेटे रणधीर कपूर को पाकिस्तान स्थित पिता के जन्मस्थान से किसी तरह का भावनात्मक लगाव नहीं है।

उनका यह बयान पाकिस्तान के पेशावर स्थित 98 साल पुरानी चार मंजिला ‘कपूर हवेली’ को इसके मालिक द्वारा तोड़े जाने की खबर आने के बाद आया।

पाकिस्तान के समाचार पत्र ‘डॉन’ ने रविवार को यह खबर प्रकाशित की। इसमें पाकिस्तान के पुरातत्व विभाग के अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि उन्होंने धाकी मुनव्वर शाह इलाके में स्थित इस हवेली को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।

इस रिपोर्ट के बाद जब रणधीर से इस बारे में प्रतिक्रिया पूछी गई, तो उन्होंने आईएएनएस से कहा, “मैंने उस जगह को कभी देखा ही नहीं। हम कभी वहां नहीं गए, इसलिए हम उस जगह से भावनात्मक रूप से कभी जुड़े ही नहीं। मुझे नहीं पता कि वह वास्तव में मेरे दादा जी (पृथ्वीराज कपूर) से संबंधित थी या नहीं, क्योंकि मेरे दादा जी भारत आने और फिल्मों से जुड़ने से पहले अमीर इंसान नहीं थे।”

उन्होंने कहा, “हमें तो यह भी नहीं पता कि उस संपत्ति का मालिकाना हक हमारे पास था या वह हमारी किराये की संपत्ति थी।”

वहीं, रणधीर के भाई और अभिनेता ऋषि कपूर ने ट्वीट कर कहा, “यह संपत्ति पाकिस्तान की सरकार की है और इससे संबंधित कोई भी निर्णय उनका ही होगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493