कश्मीर में सरकार गठन जनवरी अंत तक

जम्मू, 19 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के उच्चपदस्थ सूत्रों ने बताया है कि जम्मू एवं कश्मीर में नई सरकार का गठन इस महीने के आखिर तक हो जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में सहयोगी पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के साथ बेहतर तालमेल के लिए भाजपा महिला नेता के हाथ में पार्टी का प्रभार सौंप सकती है।

सूत्रों ने आईएएनएस से कहा, “शुरुआती झटके खत्म हो चुके हैं। पीडीपी-भाजपा की नई सरकार का गठन इस महीने के अंत से पहले हो जाना चाहिए।”

सूत्रों ने कहा कि महबूबा मुफ्ती के मुख्यमंत्री बनने के बाद भाजपा महासचिव राम माधव की राज्य में भूमिका कम हो सकती है।

माधव बीते साल पहली मार्च को मुफ्ती मुहम्मद सईद सरकार के गठन के बाद से राज्य में भाजपा के कामकाज को देख रहे हैं।

सूत्रों ने कहा, “राम माधवजी असम और अन्य राज्यों के चुनाव में व्यस्त रहेंगे। इसलिए पार्टी नेतृत्व पीडीपी से तालमेल बिठाए रखने के लिए किसी महिला नेता को नियुक्त करना चाहता है। राज्य में भाजपा मामलों की प्रभारी वह महिला नेता हो सकती है, जो पार्टी और केंद्र सरकार में प्रभावी भूमिका में हैं।”

महबूबा के बारे में सूत्रों ने कहा कि उन्हें अपने पिता की विरासत को बढ़ाना होगा। उनके पास अपने पिता जैसा अनुभव और राजनैतिक हैसियत नहीं है। उन्हें शासन के मामले में अपनी क्षमता जल्द साबित करनी होगी।

इस बारे में पीडीपी के एक सूत्र ने कहा कि महबूबा को खुद को साबित करने के लिए जरूरी है कि उनकी सीधी पहुंच भाजपा आलाकमान तक हो। दिल्ली में कोई ऐसा होना चाहिए जिसके सामने वह निजी रूप से बातें रख सकें।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493