लखनऊ , 19 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तराखंड विधानसभा के अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजियाल ने यहां मंगलवार को कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच परिसंपत्तियों का मामला बहुत जल्द सुलझ जाएगा। इस पर दोनों राज्य सरकारों के बीच लगातार बातचीत चल रही है।
पर्वतीय परिषद द्वारा आयोजित उत्तरायणी मेले में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष कुंजियाल ने दोनों राज्यों के बीच आपसी सहयोग की बात कही। साथ ही केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर उत्तराखंड की विकास योजनाओं के साथ भेदभाव करने का आरोप भी लगाया।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार बनने के बाद से उत्तराखंड में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क विकास योजना को पैसा मिलना बंद हो गया है, क्योंकि इस पर्वतीय राज्य में कांग्रेस की सरकार है। योजना के ठप होने से राज्य में गांवों को सड़क से जोड़ने के अभियान को झटका लगा है।
विधानसभा अध्यक्ष ने हरिद्वार अर्धकुंभ मेले की तैयारियों में भी केंद्र सरकार द्वारा आर्थिक मदद न दिए जाने का आरोप लगाया।
कुंजियाल ने कहा कि हरिद्वार में मुख्यमंत्री हरीश रावत की अगुवाई में बेहतर काम किया गया है, लेकिन कुछ पुलों और सड़कों का स्थायी निर्माण किया जा सकता था, जो धन के अभाव में नहीं किया जा सका।
उन्होंने उत्तराखंड की राजधानी गैरसैण को बनाए जाने के मुद्दे पर कहा कि गैरसैण उत्तराखंड की आत्मा है, लेकिन अलग राज्य बनने के बाद इस पर ध्यान नहीं दिया गया। मुख्यमंत्री रावत इस पर काफी तेजी से काम कर रहे हैं। सभी राजनीतिक दलों की सहमति से इस काम को बहुत जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath