बिहार : पुलिस हिरासत से फरार जद (यू) विधायक के पति गिरफ्तार

पूर्णिया, 20 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार में पूर्णिया जिले के एक पुलिस थाने से फरार जनता दल (युनाइटेड) के विधायक बीमा भारती के पति अवधेश मंडल को पुलिस ने मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया।

पूर्णिया के पुलिस अधीक्षक निशांत कुमार तिवारी ने बुधवार को बताया कि मंडल को भागलपुर जिले के परबता थाना क्षेत्र में एक मुखिया के घर से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि मंडल के अलावा तीन अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

हत्या के एक मामले में गवाह सोनिया देवी को धमकी देने के आरोप में मंडल को उनके समर्थकों सहित रविवार को गिरफ्तार किया गया था। मंडल की गिरफ्तारी की सूचना के बाद उनके समर्थक मरंगा थाना पहुंच कर हंगामा करने लगे और उसे थाने से छुड़ा कर ले गए थे।

मंडल को मरंगा थाने से भगाने का आरोप जद (यू) की विधायक बीमा भारती और पूर्णिया सांसद संतोष कुशवाहा पर लगाया गया।

इस मामले में मरंगा थाना प्रभारी शिवशंकर कुमार को कर्तव्यहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2005 में अकबरपुर में चंचल पासवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में बीमा भारती, अवधेश मंडल सहित कई अन्य को नामजद आरोपी बनाया गया था। इस हत्या मामले में चंचल पासवान के पुत्र विजय पासवान और सोनिया देवी चश्मदीद गवाह हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493