ओडिशा समुद्र तट पर सैकड़ों समुद्री कछुए मृत मिले

भुवनेश्वर, 20 जनवरी (आईएएनएस)। ओडिशा के पुरी समुद्र तट पर लुप्तप्राय सैकड़ों ओलिव रिडले कछुओं को बुधवार को मृत पाया गया।

एक वन अधिकारी के मुताबिक, कछुए दिगाबारिनी से लेकर चक्रतीर्थ रोड के दायरे में पुरी समुद्र तट पर मृत पाए गए।

कछुओं की मौत के सही कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

अधिकारी ने कहा कि मृत कछुओं को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुरी के जिलाधिकारी अरविंद अग्रवाल ने कहा कि संबंधित विभाग को कछुओं की मौत के कारणों का पता लगाने का निर्देश दिया गया है।

सूत्रों का कहना है कि हो सकता है कि इन कछुओं की मौत समुद्र में अवैध रूप से शिकार करनेवाले शिकारियों के कारण हुई हो।

इस बीच, मशहूर सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने पुरी समुद्र तट पर कछुओं की आकृति बनाकर लिखा, ‘हमें भी जीने के लिए जगह दो।’

ओडिशा के समुद्र तट पर भारी संख्या में ओलिव रिडले कछुओं के घोसले हैं। तटीय क्षेत्र में तीन जगहों-गहिरामाथा तट, देवी तट तथा रूशीकुल्या तट- दुनिया भर में कछुओं के घोंसलों के लिए मशहूर हैं।

हाल में, चेन्नई समुद्र तट पर कई व्हेल मछलियां बहकर आ गई थीं। मछुआरों की लाख कोशिशों के बावजूद उनमें से 45 को नहीं बचाया जा सका, जबकि बाकी को बचाकर फिर समुद्र में पहुंचा दिया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493