चेन्नई, 22 जनवरी (आईएएनएस)। तमिलनाडु के कुडनकुलम में स्थित भारतीय परमाणु ऊर्जा निगम लिमिटेड (एनपीसीआईएल) की 1,000 मेगावाट वाली इकाई को पांच दिनों में दक्षिण ग्रिड से जोड़ा जा सकता है। यह बात एक वरिष्ठ अधिकारी ने कही।
इकाई को मरम्मत कार्य के लिए सात महीने पहले बंद किया था। 21 जनवरी को इकाई की फिजन प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी गई है।
कुडनकुलम परमाणु बिजली परियोजना (केएनपीपी) के साइट निदेशक आरएस सुंदर ने शुक्रवार को आईएएनएस से कहा कि परीक्षण पूरा होने के बाद पांच दिनों के भीतर इकाई को ग्रिड से जोड़ा जा सकता है।
विद्युत प्रणाली संचालन निगम लिमिटेड (पोसोको) के मुताबिक इसे 24 जनवरी को ग्रिड से जोड़ा जा सकता है।
एनपीसीआईएल तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले के कुडनकुलम में 1,000 मेगावाट वाली दो इकाई स्थापित कर रही है। इस पर करीब 17 हजार करोड़ रुपये खर्च हो रहा है।
प्रथम इकाई में विखंडन प्रक्रिया जुलाई 2013 में शुरू हुई थी। उसके बाद इसे अक्टूबर 2013 में दक्षिणी ग्रिड से जोड़ा गया था। इससे वाणिज्यिक उत्पादन 31 दिसंबर, 2014 को शुरू हुआ था।
ईंधन डालने तथा सालाना मरम्मत कार्य के लिए इसे जून 2015 में 60 दिनों के लिए बंद किया गया था।
dharmpath.com dharmpath