गोल्फ : कैरियरबिल्डर चैलेंज में लाहिड़ी संयुक्त तीसरे स्थान पर

ला क्विंटा (कैलिफोर्निया), 23 जनवरी (आईएएनएस)। भारत के शीर्ष गोल्फ खिलाड़ी अनिर्बान लाहिड़ी 5,800,000 डॉलर इनामी राशि वाले कैरियरबिल्डर चैलेंज टूर्नामेंट के दूसरे दौर में शनिवार को चार अंडर 68 का स्कोर हासिल कर सके और दो स्थान खिसककर संयुक्त रूप से तीसरे पायदान पर रहे।

पहले दौर में 68 का स्कोर कर शीर्ष स्थान पर रहे 41वीं विश्व वरीयता प्राप्त लाहिड़ी अब शीर्ष पर मौजूद अमेरिका के जेसन डफनर से तीन स्ट्रोक पीछे हैं।

लाहिड़ी के साथ पहले दौर में संयुक्त रूप से शीर्ष पर रहे डफनर ने दूसरे दौर में 65 का स्कोर किया। डफनर का दूसरे दौर के बाद ओवरऑल स्कोर 15 अंडर 129 है।

लाहिड़ी ने संभलकर खेलना शुरू किया और चौथे, पांचवें तथा छठे होल पर लगातार तीन बर्डी लगाए। हालांकि अगले दो होल पर वह लगातार दो शॉट चूक गए। नौवें होल पर बर्डी लगाते हुए लाहिड़ी ने मध्यांतर तक दो अंडर का स्कोर हासिल कर लिया।

मध्यांतर के बाद लाहिड़ी ने 11वें होल पर ईगल लगा शानदार वापसी की। 16वें होल पर बर्डी लगा लाहिड़ी ने अच्छी बढ़त ले ली थी, लेकिन अगले ही होल पर वह बोगी लगा बैठे और उन्हें कनाडा के एडम हैडविन, अमेरिका के जैसन गोर एंड्र लूप और बिल हास के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।

वहीं डफनर ने शानदार शुरुआत की और मध्यांतर तक छह बर्डी हासिल कर लिए। मध्यांतर के बाद 120वीं विश्व वरीयता प्राप्त डफनर ने दो बर्डी और लगाए और एकमात्र बोगी लगाने के बावजूद शीर्ष स्थान कायम रखा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493