ओलांद भारत पहुंचे, चंडीगढ़ में मोदी ने किया स्वागत (लीड-2)

चंडीगढ़, 24 जनवरी (आईएएनएस)। फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद रविवार को तीन दिवसीय भारत दौरे पर यहां पहुंचे। वह 26 जनवरी को भारत के गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।

ओलांद ने अपनी भारत यात्रा की शुरुआत चंडीगढ़ से की, जहां हवाईअड्डे पर पंजाबी भांगड़ा और गाजे-बाजों के बीच उनका भव्य स्वागत किया गया। पंजाब और हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने अन्य अधिकारियों के साथ उनकी अगवानी की।

ओलांद से मिलने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यहां पहुंचे, जिन्होंने रॉक गार्डन में फ्रांस के राष्ट्रपति का स्वागत किया। दोनों नेता गर्मजोशी से एक-दूसरे से मिले। उन्होंने हाथ मिलाया और एक-दूसरे के गले भी मिले।

दोनों नेताओं ने रॉक गार्डन के एक हिस्से का भ्रमण भी किया, जिसे इसके संस्थापक नेकचंद ने बेकार पड़ी चीजों से तैयार किया है।

ओलांद के चंडीगढ़ पहुंचने से कुछ समय पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके भारत आगमन पर खुशी जताते हुए एक ट्वीट में कहा कि देश उनका स्वागत करते हुए खुशी और सम्मानित महसूस कर रहा है।

एक ट्वीट में उन्होंने कहा, “ओलांद का स्वागत है। गणतंत्र दिवस पर उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में पाकर हम काफी खुश हैं और सम्मानित महसूस कर रहे हैं।”

हवाईअड्डे से फ्रांस के राष्ट्रपति को होटल ताज ले जाया गया, जहां वह शहर में अपनी यात्रा के दौरान रहेंगे।

ओलांद के आगमन के तहत शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

मोदी और ओलांद यहां रविवार को देर शाम भारत-फ्रांस की कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के एक व्यावसायिक सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।

दोनों नेता रविवार शाम नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। ओलांद और मोदी सोमवार को द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, जिसके बाद कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

दोनों नेता अंतर्राष्ट्रीय सौर एलायंस (आईएसए) के अंतरिम सचिवालय का उद्घाटन करेंगे और आईएसए मुख्यालय के निर्माण की आधारशिला भी रखेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493