ईरान, इटली के बीच अरबों डॉलर का समझौता

रोम, 26 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका द्वारा ईरान पर लगाए गए प्रतिबंधों को हटाने के बाद अपने पहले विदेश दौरे पर ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी सोमवार को इटली पहुंचे। ईरानी राष्ट्रपति के इस दो दिवसीय दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच अरबों डॉलर के व्यापारिक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।

रूहानी के पहले यूरोप दौरे के दौरान दशकों में पहली बार ईरान ने पश्चिम के प्रति खुला रुख प्रदर्शित किया है। ईरान अंतर्राष्ट्रीय राजनीति में समर्थन हासिल करने के लिए व्यावसायिक और राजनीतिक संबंध बढ़ाने में जुटा है।

रूहानी ने 2013 में राष्ट्रपति चुने जाने के बाद देश को अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के अलगाव से निकालने का वादा किया था। उसके बाद ईरान की सरकार ने अमेरिका व अन्य महाशक्तियों के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किया, जिसके नतीजे में 16 जनवरी को ईरान पर से प्रतिबंध हटा लिए गए। यह उस वृहद समझौते का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत ईरान अपनी परमाणु गतिविधियों पर लगाम लगाने को तैयार हुआ है।

इटली के विश्लेषक उम्मीद कर रहे हैं कि इटली दौरे के दौरान रूहानी नए व्यापार समझौते के तहत 18 अरब डॉलर के समझौते को अंतिम रूप देंगे। यहां उनकी इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मत्तेरेला, प्रधानमंत्री मत्तेओ रेंजी और विदेशमंत्री पाओलो जेंतीलोनी से मुलाकात का कार्यक्रम है।

रूहानी के दौरे के पहले दिन चार व्यावसायिक समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए, जिसमें इटली की स्टील कंपनी डानीली और ईरानी कंपनियों के बीच चार अरब डॉलर का समझौता शामिल है। वहीं इटली की एक अवसंरचना विकसित करनेवाली कंपनी कोनडोट्टे के साथ ईरान ने चार अरब डॉलर का समझौता किया।

इस बारे में रेंजी ने सोमवार को कहा, “यह तो महज यात्रा की एक शुरुआत है। हमें आर्थिक क्षेत्रों में और करीब आकर काम करने की जरूरत है।”

ईरानी राष्ट्रपति के सम्मान में सोमवार को आयोजित आधिकारिक रात्रिभोज कार्यक्रम में इटली की कार कंपनी फियेट, तेल उत्खनन कंपनी ईनी और ऊर्जा क्षेत्र की कंपनी ईनेल के अधिकारी भी शामिल हुए।

इटली के आर्थिक विकास मंत्री फेडेरिका गुईजी ने एक प्रेसवार्ता में कहा, “प्रतिबंध से पहले इटली ईरान का प्रमुख आर्थिक और व्यापारिक सहयोगी था और हम अब इस सहयोग को और आगे बढा़ना चाहते हैं।”

रूहानी बुधवार सुबह इटली से फ्रांस की यात्रा पर निकल जाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493