लखनऊ, 27 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ व आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह गुनगुनी धूप रही। धूप ने लोगों को ठंड से राहत दिलाई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में मामूली गिरावट की संभावना जताई है।
उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में धूप रहेगी। शीतलहर से राहत मिलेगी। अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने के आसार हैं।
राजधानी लखनऊ में बुधवार को न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अलावा बनारस में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री, कानपुर में 5.7 डिग्री, गोरखपुर में छह डिग्री, इलाहाबाद में 6.7 डिग्री और झांसी में सात सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath