आस्ट्रेलियन ओपन : फाइनल में पहुंची सानिया-मार्टिना की जोड़ी (राउंडअप)

मेलबर्न, 27 जनवरी (आईएएनएस)। सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस की जोड़ी ने बुधवार को वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम आस्ट्रेलियन ओपन के महिला युगल वर्ग के फाइनल में प्रवेश कर लिया।

रॉड लेवर एरेना में हुए सेमीफाइनल मैच में सानिया-मार्टिना की शीर्ष वरीय जोड़ी ने जर्मनी की जूलिया जॉर्ज्स और चेक गणराज्य की कैरोलिना प्लिसकोवा की 15वीं विश्व वरीयता प्राप्त जोड़ी को मात्र एकतरफा मुकाबले में 6-1, 6-0 से हरा दिया।

सानिया-मार्टिना को लगातार 35वीं जीत हासिल करने में मात्र 54 मिनट लगे।

सानिया-मार्टिना अब फाइनल मुकाबले में एंद्रीय हलावाकोवा और लूसी हराडेका की चेक गणराज्य की जोड़ी का सामना करेंगी।

सानिया का आस्ट्रेलियन ओपन के महिला युगल वर्ग में यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले वह रूस की एलेना वेस्निना के साथ 2012 में सेमीफाइनल तक पहुंची थीं।

बुधवार को हालांकि भारत की यह एकमात्र सफलता रही।

मिश्रित युगल वर्ग में रोहन बोपन्ना चीनी ताइपे की अपने जोड़ीदार युंग जान चान के साथ क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हारकर बाहर गए।

बोपन्ना-चान की जोड़ी को स्लोवाकिया की आंद्रिया क्लेपाक और फिलिपींस के ट्रीय हुवे की जोड़ी ने सीधे सेटों में 6-2, 7-5 से हरा दिया।

बोपन्ना और चान ने इस मैच में कुल 25 विनर्स लगाए जबकि उनकी विपक्षी जोड़ी ने 19 विनर्स लगाए। लेकिन नौ बेजां गलतियों के कारण उन्हें हार मिली।

क्लेपाक और हुवे ने इस मैच में कुल 112 अंकों में से 59 अंक अपने नाम किए।

लड़कियों के एकल वर्ग के तीसरे दौर के मुकाबले में 10वीं वरीय भारत की प्रांजला यादलापल्ली को रूस की एनस्तासिया पोटापोला के हाथों 5-7, 5-7 से हार मिली।

जूनियर बालिका वर्ग के ही तीसरे दौर के एक अन्य मैच में भारत की करमन कौर थांडी को आस्ट्रेलिया की सारा टोमिक के हाथों तीन सेटों तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में 6-3, 5-7, 5-7 से हार मिली।

करमन ने शानदार शुरुआत करते हुए मात्र 29 मिनट में पहला सेट अपने नाम कर लिया। हालांकि टोमिक ने इसके बाद संघर्ष तेज कर दिया।

दूसरा सेट 48 मिनट तक खिंचा जिसमें टोमिक जीत हासिल करने में सफल रहीं। टोमिक ने इसके बाद 37 मिनट तक चले तीसरे मुकाबले में थांडो की हरा मैच पर कब्जा कर लिया।

करमन ने मैच में टोमिक के तीन एस की अपेक्षा 10 एस लगाए, जबकि 22 विनर्स की अपेक्षा 46 विनर्स हासिल किए। हालांकि 29 की अपेक्षा 47 गैर वाजिब गलतियों के कारण उन्हें हार झेलनी पड़ी। थांडी ने मैच में 178 किलोमीटर प्रति घंटा की तेजी से सर्व किए।

करमन-प्रांजला की जोड़ी बुधवार को ही जूनियर युगल बालिका वर्ग का अपना मैच भी हार गईं। करमन-थांडी की जोड़ी को आस्ट्रेलिया की जैमी फोरलिस और मेडिसन इंगलिस के हाथों 6-7 (3), 5-7 से पराजय झेलना पड़ा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493