लुसाने, 27 जनवरी (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने बुधवार को वर्ष 2015 के सर्वश्रेष्ठ पुरुष एवं महिला कोच की घोषणा कर दी।
आयरलैंड पुरुष हॉकी टीम के दक्षिण अफ्रीकी कोच क्रेग फुल्टोन और इंग्लैंड एवं ब्रिटेन महिला हॉकी टीम की सहायक कोच कारेन ब्राउन सर्वश्रेष्ठ कोच चुने गए।
जिब्राल्टर के नाथन स्टैग्नो ने जहां सर्वश्रेष्ठ पुरुष अंपायर का अवार्ड हासिल किया, वहीं दक्षिण अफ्रीका की मिशेले जूबर्ट वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला अंपायर चुनी गईं।
फुल्टोन के मार्गदर्शन में आयरलैंड की टीम 100 वर्ष के अंतराल के बाद ओलम्पिक खेलों के लिए क्वालीफाई किया। बीते वर्ष बेल्जियम के एंटवर्प में हुए हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमी-फाइनल में अपने बेहतरीन प्रदर्शन के बल पर इसी वर्ष ब्राजील के रियो डी जनेरियो में होने वाले ओलम्पिक खेलों के लिए क्वालीफाई कर लिया।
वहीं ब्रिटेन के लिए सर्वाधिक 355 मैच खेल चुकीं कारेन के मार्गदर्शन में ब्रिटिश महिला हॉकी टीम बीते वर्ष यूरोपीयन खिताब हासिल करने में सफल रही।
वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला अंपायर चुनी गईं जूबर्ट ने 22 की अवस्था से अंपायरिंग शुरू की और वह सीनियर हॉकी में 100 मैचों में अंपायरिंग करने वाली दक्षिण अफ्रीका की दूसरी महिला अंपायर बनीं।
जूबर्ट ने बीते वर्ष दिसंबर में अर्जेटीना के रोसारियो में हुए एचडब्ल्यूएल फाइनल्स में सर्वश्रेष्ठ अंपायरिंग के लिए एफआईएच गोल्डन व्हिसल हासिल किया।
सर्वश्रेष्ठ पुरुष अंपायर चुने गए स्टैग्नो को भी हाल ही में एफआईएच गोल्डन व्हिसल से नवाजा गया। बीते वर्ष भारत के रायपुर में हुए एचडब्ल्यूएल फाइनल्स के दौरान सीनियर हॉकी में 100 मैचों में अंपायरिंग करने वाले वह जिब्राल्टर के पहले अंपायर बने।
एफआईएच के अध्यक्ष लीयांद्रो नेग्रे ने एक वक्तव्य जारी कर कहा, “क्रेग और कारेन को बधाई। दोनों ने 2015 में हॉकी जगत को काफी प्रभावित किया और अपनी-अपनी टीमों को ओलम्पिक के लिए क्वलीफाई करने में मदद की।”
dharmpath.com dharmpath